Trending
महाराष्ट्र और दिल्ली ने बढ़ाई देश की चिंता, एक दिन में दर्ज हुए रिकॉर्डतोड़ कोरोना के नए मामले
नई दिल्ली। देश में लगातार दूसरे दिन पांच हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख छह हजार को पार कर गया। मंगलवार को रिकॉर्ड 53 सौ से ज्यादा नए केस मिले थे। इससे पहले रविवार को भी पांच हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए थे। हर बार मामलों को बढ़ाने में महाराष्ट्र के साथ ही दिल्ली, गुजरात और तमिलनाडु में मुख्य वजह बने। कोरोना के खिलाफ जंग में इन राज्यों ने देश की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार को पांच हजार में से करीब चार हजार नए मामले इन्हीं चार राज्यों में सामने आए हैं। बुधवार को तो दिल्ली में अब तक के सबसे ज्यादा 537 नए केस मिले। और 143 लोगों की जान भी गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक 3303 लोगों की जान गई है और 1,06,750 लोग संक्रमित हुए हैं। अब तक 42 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ भी हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय व अन्य स्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्रीय एजेंसी को आंकड़े मिलने में होने वाली देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां राज्यों से सीधे आंकड़े जुटाती हैं।
राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की तरफ से मिले आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को 5,092 नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 1,10,590 पर पहुंच गया। अब तक 3,355 लोगों की मौत हुई है। बुधवार को 143 लोगों की जान गई, जिसमें महाराष्ट्र में 65, गुजरात में 30, दिल्ली में 10, बंगाल और तमिलनाडु में तीन-तीन और जम्मू-कश्मीर, बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश व पंजाब में एक-एक मौत शामिल है।
महाराष्ट्र में 40 हजार के करीब संक्रमित
महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 40 हजार के करीब पहुंच गई है। राज्य में लगातार चौथे दिन भी दो हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए है। बुधवार को 2,250 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 39,297 हो गई है। अब तक 1,390 लोगों की जान भी जा चुकी है।
दिल्ली में 11 से ज्यादा संक्रमित
राजधानी दिल्ली लॉकडाउन से अभी पूरी तरह से खुली भी नहीं है कि नए मामलों में तेज वृद्धि हो गई है। पिछले कुछ दिनों से लगातार पांच सौ के आस पास नए मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को तो रिकॉर्ड 537 नए मामले सामने आए। एक दिन में इससे पहले मंगलवार को सबसे ज्यादा 500 नए केस मिले थे। इसके साथ ही राजधानी में कुल संक्रमितों की संख्या 11,088 पर पहुंच गई है।
तमिलनाडु में भी तेज वृद्धि
तमिलनाडु में भी संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को 743 नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 13 हजार को पार कर गया। अभी तक राज्य में कुल 13,191 संक्रमित सामने आ चुके हैं। केरल में भी मामले बढ़ने लगे हैं और 24 नए केस के साथ 666 संक्रमित हो गए हैं। आंध्र प्रदेश में अब तक 2,557 और कर्नाटक में 1,462 संक्रमित पाए जा चुके हैं।
गुजरात में 398 नए मामले
गुजरात में 398 नए मामले सामने आए हैं और 30 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 12,539 संक्रमित सामने आ चुके हैं। अहमदाबाद में भी 271 नए केस मिले हैं और 9,216 संक्रमित हो गए हैं। महानगर में अब तक 602 लोगों की जान भी जा चुकी है। बुधवार को 26 मौतें हुईं।
उत्तर भारत में भी कोरोना का कहर जारी
दिल्ली के साथ ही उत्तर भारत और देश के अन्य हिस्सों में भी कोरोना का कहर जारी है। 70 नए मरीजों के साथ उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 4,996 पर पहुंच गई है। बिहार में 96 नए मामले सामने आए हैं। अब राज्य में 1,615 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इसी तरह 142 नए मामलों के साथ बंगाल में 3,103, 107 नए केस के साथ राजस्थान में 5,959, मध्य प्रदेश में 45 मामलों के साथ 5,693 और 73 नए मामलों के साथ जम्मू-कश्मीर में 1,390 संक्रमित अब तक सामने आ चुके हैं।
देश में कुल संक्रमित
राज्य संक्रमित
महाराष्ट्र – 39,297
तमिलनाडु – 13,191
गुजरात – 12,539
दिल्ली – 11,088
राजस्थान – 5,959
मध्य प्रदेश – 5,693
उत्तर प्रदेश – 4,996
बंगाल – 3,103
आंध्र प्रदेश – 2,557
पंजाब – 2,087
तेलंगाना – 1,634
बिहार – 1,615
कर्नाटक – 1,462
जम्मू-कश्मीर – 1,390
ओडिशा – 1,052
हरियाणा – 949
केरल – 666
झारखंड – 281
चंडीगढ़ – 191
त्रिपुरा – 167
असम – 154
उत्तराखंड – 124
हिमाचल प्रदेश – 105
छत्तीसगढ़ – 102
लद्दाख – 45
गोवा – 41
अंडमान-निकोबार – 33
पुडुचेरी – 18
मेघालय – 13
मणिपुर – 9
मिजोरम – 1
अरुणाचल – 1