Connect with us

क्राइम

देश में पिछले 18 महीनों में साइबर क्राइम के 3.17 लाख मामले, जानिए किन 2 राज्यों में सबसे ज्यादा क्राइम हुए

Published

on

cyber crime

नई दिल्ली : पिछले 18 महीनों में साइबर अपराध की कुल 3.17 लाख मामले सामने आए हैं और 5,771 एफआइआर ऑनलाइन दर्ज की गईं। महाराष्ट्र और कर्नाटक साइबर अपराध से सबसे ज्यादा प्रभावित है। केंद्र सरकार ने इसकी जानकारी संसद में दी है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि गृह मंत्रालय ने 30 अगस्त, 2019 को सभी प्रकार के साइबर अपराध की घटनाओं की ऑनलाइन रिपोर्टिंग के लिए केंद्र सरकार ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल की शुरुआत की। ताकि लोगों को सभी तरह के साइबर अपराधों के बारे में रिपोर्ट करने के लिए केंद्रीकृत व्यवस्था मिल सके।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने एक लिखित जवाब में बताया कि आंकड़ों के अनुसार, इसकी शुरुआत के बाद से देश में 28 फरवरी, 2021 तक 3,17,439 साइबर अपराध की घटनाएं और 5,771 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस दौरान कर्नाटक से संबंधित 21,562 साइबर अपराध और 87 एफआईआर और महाराष्ट्र से संबंधित 50,806 साइबर अपराध की घटनाएं और 534 एफआईआर दर्ज हुई।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने आगे कहा कि इस पोर्टल पर रिपोर्ट की गई घटनाओं, उनके एफआईआर में रूपांतरण और उसके बाद की कार्रवाई राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की कानूनी एजेंसियों द्वारा नियंत्रित की जाती हैं। गृह मंत्रालय राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ नियमित रूप से बातचीत करता है और उन्हें महिलाओं और बच्चों से संबंधित मामलों पर विशेष जोर देने के साथ-साथ रिपोर्ट की गई साइबर अपराध की घटनाओं के निपटान में तेजी लाने की सलाह देता है।

कोरोना काल में 350% बढ़ा साइबर क्राइम

साल 2020 में कोरोना महामारी के दौरान साइबर क्राइम भी खूब बढ़ा। संयुक्त राष्ट्र (UN)के अनुसार कोरोना काल में साइबर क्राइम 350% बढ़ा है। कोरोना और वैक्सीन से संबंधित डेटा पर भी अटैक हुआ। एक्सपर्ट्स के अनुसार इसमें कई देशों की सरकारें भी शामिल रही हैं। एक देश ने दूसरे देश में वायरस और वैक्सीन बनाने का डेटा तक हैक करवाया। साल 2019 में साइबर क्राइम के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 73 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जो वैश्विक जीडीपी का एक फीसदी से ज्यादा है।